इस खबर को सुनें
|
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया है। 4 मई से स्कूल सुबह 7:00 बजे से 12:00 बजे तक खुलेंगे। अभी तक स्कूलों का समय 8:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक था।
हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने सोमवार को टैबलेट समारोह का पोस्टर लांच किया। इस दौरान स्कूलों का समय बदलने की जानकारी उन्होंने दी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के टैगोर ऑडिटोरियम में 5 मई, 2022 को टैबलेट वितरण समारोह होगा। इस दौरान रोहतक शहर के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि सरकारी विद्यालयों की कक्षा 10वीं से 12वीं में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों को टैबलेट, 2GB फ्री डेटा उपलब्ध करवाया जा रहा है। 10वीं तथा 12वीं (बोर्ड कक्षाओं) के विद्यार्थियों के लिये 5 लाख टैबलेट खरीदे गए हैं। 11वीं कक्षा अभी स्कूलों में नहीं है, 10वीं कक्षा का बोर्ड का परिणाम आने के बाद जून, 2022 में 2 लाख 30 हजार से अधिक विद्यार्थियों के लिये अलग से टैबलेट खरीद की जाएगी। इन कक्षाओं को पढ़ाने वाले सभी पीजीटी शिक्षकों, जिनकी संख्या 33,000 है, को भी फ्री टैबलेट दिया जा रहा है।